पालमपुर भाजपा अध्यक्ष का गोदाम राख

पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष का गोदाम शुक्रवार रात करीब 11 बजे आग लगने से राख हो गया। गोदाम शीतला माता मंदिर के पास था। गोदाम में आग लगने का पता जब लोगों को चला तो उन्होंने गोदाम के मालिक को इसकी सूचना दी। अग्निशमन विभाग को भी सूचित कर दिया गया। विभाग की मौके पर पहुंची गाड़ी ने लोगों की सहायता से आग पर काबू पा लिया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
गोदाम के मालिक एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष पालमपुर संजीव सोनी ने कहा कि वह शुक्रवार शाम को गोदाम बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 11 बजे उन्हें अग्निकांड की सूचना मिली। गोदाम के अंदर रखीं फ्लेक्स मशीनें व अन्य सामान जल गया है। उन्हें करीब 12 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, अग्निशमन विभाग की गाड़ी उनसे पहले पहुंच गई थी। पुलिस भी पहुंच गई थी। अग्निशमन विभाग के अधिकारी लखवीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि सूचना मिलते ही विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Related posts