
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के प्राथमिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र शुरू होने के दो सप्ताह बाद भी किताबों का वितरण नहीं हुआ है। इसके चलते उपमंडल के स्कूलों में अभी तक पढ़ाई शुरू नहीं हो पाया है। अब तक इन स्कूलों में छात्र सिर्फ किताब और कलम लाकर ही समय व्यतीत कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पालमपुर उपमंडल के प्राथमिक स्कूलों में अभी तक किताबें न मिलने से पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चे पढ़ाई शुरू नहीं कर सके हैं। सूत्रों के अनुसार शिक्षा बोर्ड के डिपुओं में पहली और दूसरी कक्षा की किताबें अभी तक नहीं पहुंची हैं। बड़ी बात यह है कि बोर्ड के डिपुओं में पहुंची तीसरी से पांचवीं कक्षा की किताबों को भी शिक्षा खंड के अधिकारियों ने नहीं उठाया है। इससे तीसरी से पांचवीं कक्षा की पढ़ाई भी पीछे छूट रही है। सूत्र बताते हैं बार-बार किताबें उठाने के झंझट से बचने के लिए सभी ब्लॉक एक बार ही इकट्ठी किताबें उठाने की सोच रहे हैं। उपमंडल के पालमपुर, भवारना, बैजनाथ और पंचरुखी शिक्षा खंडों के प्राथमिक स्कूलों में किताबें नहीं मिली हैं। उपमंडल के एक शिक्षा अधिकारी ने बताया वह सभी किताबें इकट्ठी लेना चाहते हैं।
उप शिक्षा निदेशक भजन लाल ने कहा कि सभी ब्लाक शिक्षा अधिकारियों को डिपुओं से किताबें उठाने के आदेश दिए हैं।
