पार्सवर्ड बताओ नहीं तो एटीएम कार्ड बंद हो जाएगा

मंडी। हैलो… मैं कॉल सेंटर से बोल रहा हूं… आप अपना एटीएम नंबर और पास वर्ड बताएं… अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपका एटीएम बंद हो जाएगा। एटीएम कॉल सेंटर के नाम पर उपभोक्ताओं से उनके एटीएम नंबर और पासवर्ड मांगने के लिए इस तरह के कॉल आने लगे हैं। भोलेभाले लोगों को ठगने का यह नया तरीका शातिरों ने ढूंढ लिया है। नियमानुसार कोई भी किसी से एटीएम कार्ड की जानकारी मांगने का हकदार नहीं है। सोमवार को मंडी निवासी एवं नप के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल कपूर को उनके मोबाइल फोन पर इस तरह के दो कॉल आए। इसमें कॉल करने वाले ने खुद को एटीएम कॉल सेंटर का कर्मचारी बताते हुए धमकाने के अंदाज में कहा कि आप अपने एटीएम कार्ड के बारे में पूरी जानकारी दो। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो आपका एटीएम बंद हो जाएगा। अनिल कपूर ने बताया कि पहले उन्हें 1751005358 नंबर से कॉल आई। इसके बाद 19504587296 नंबर से कॉल आई। दोनों ही उनसे उनके एटीएम के बारे में जानकारी हासिल करना चाहते थे मगर जब अनिल कपूर ने अपने एटीएम कार्ड के बारे में किसी तरह की जानकारी देने से मना कर दिया तो दूसरी ओर से फोन काट दिया गया। हालांकि, बैंक अधिकारियों का कहना है कि एटीएम कार्ड नबंर और पासवर्ड ग्राहक का अपना गोपनीय होता है। इसकी जानकारी कोई नहीं मांग सकता। बैंक तो क्या आरबीआई भी ग्राहक से एटीएम पासवर्ड मांगने की अधिकारी नहीं है।
एसबीआई मंडी के मुख्य प्रबंधक राजेश आनंद का कहना है कि कोई भी बैंक किसी का एटीएम नंबर और पासवर्ड नहीं मांग सकता। यह सब गोपनीय होता है। अगर इस तरह की कॉल आ रही हैं तो वे झूठी हैं। इन पर विश्वास न करें। किसी को भी अपने एटीएम कार्ड के बारे में किसी तरह की जानकारी न दें।

Related posts