पार्षदों को सीखाई सदन में विपक्ष की भूमिका

शिमला। नगर निगम की मासिक बैठक में अब कांग्रेस पार्षद होमवर्क करके आएंगे। हाउस से पहले पार्षदों का प्री-हाउस होगा, जिसमें निगम प्रबंधन को घेरने व जनता के मुद्दे उठाने की रणनीति बनाई जाएगी। प्री-हाउस की अध्यक्षता शशि शेखर चिन्नू करेंगे। चिन्नू की अनुपस्थिति में सुरेंद्र चौहान बतौर उप नेता जिम्मेदारी संभालेंगे। यह फैसला शनिवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित कांग्रेस पार्षदों की बैठक में लिया गया।
उन्होंने कांग्रेस पार्षदों को एकजुट रहने के निर्देश दिए। सदन में एकता दिखाते हुए मुद्दों को जोर शोर से उठाने व आवश्यक परिस्थिति में एक साथ सदन का बहिष्कार करने के टिप्स दिए हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्षदों के लिए प्री हाउस बैठक में उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्री हाउस बैठक में न आने वालों व ‘अपनी डफली अपना राग’ अलापने वालों के खिलाफ पार्टी स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छब्बीस साल तक नगर निगम पर राज करने वाली कांग्रेस के इस बार सिर्फ दस पार्षद हैं जबकि भाजपा के बारह व माकपा के तीन। हाउस में कांग्रेस पार्षदों का आपसी सामंजस्य कम ही देखने को मिलता है। हाउस में कांग्रेस के कुछ पार्षद बिना प्लानिंग के ही पहुंच जाते हैं। बायकाट की स्थिति में कुछ पार्षद उठकर सदन से बाहर चले जाते हैं जबकि कुछ सदन में कुर्सियां थामे बैठे रहते हैं।

भवन मालिकों से रूबरू होंगे सुक्खू
पार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि शहर के भवन मालिकों की बैठक बुलाकर उनकी समस्याएं जानी जाएंगी। इतना ही नहीं, समस्याओं को हल करने के लिए हर संभव प्रयास भी किए जाएंगे।

Related posts