पार्टी विरोधियों पर कार्रवाई न करने पर रोष

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के भीतर विधानसभा चुनाव में पार्टी के विरोध में काम करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने पर जिला कांग्रेस ने रोष जताया है। शनिवार को जिला मुख्यालय में हुई बैठक में कहा गया कि पार्टी विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई न करना उचित कदम नहीं है। जिला अध्यक्ष उमेश नेगी ने कहा कि जिला कार्यकारिणी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द शिमला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह से मिलेगा। इसमें पार्टी विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले से सोलह कार्यकर्ताओं की सूची पुख्ता सुबूत समेत प्रदेश अध्यक्ष को भेजी गई थी। बावजूद इसके, इनके खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विस चुनाव में पार्टी के विरोध में काम करने वालों के ब्लाक स्तर से आज भी उनके पास नाम आ रहे हैं। इन लोगों की सूची भी जल्द प्रदेश कांग्रेस को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के विरोध में काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जा सकता है। इसलिए, जिला कार्यकारिणी मांग करेगी कि पार्टी विरोधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए। बैठक में जिला कांग्रेस महासचिव भागीरथ नेगी, प्रवक्ता डा. सूर्या बोरस, जिला युकां अध्यक्ष प्रताप नेगी, सेवादल मुख्य संगठक रतन लाल नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts