
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर भाजपा मंडल के एक दिवसीय अभ्यास वर्ग शिविर में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी टिप्स दिए। संगठन की मजबूती पर बल दिया गया। शिविर में पहुंचने पर भाजयुमो तथा मंडल भाजपा की ओर से वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया गया। शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सती, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर, प्रवीण शर्मा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सती ने कहा किअपने दायरे को बढ़ाएं और बूथ को मजबूत करें। अगर बूथ मजबूत होगा तो पार्टी भी मजबूत होगी। सांसद अनुराग ठाकुर ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस संगठन का मीडिया प्रभार सक्रिय भूमिका निभाएगा और मीडिया के लोगों से मधुर संबंध बनाएगा। उसे सबसे ज्यादा महत्व मिलेगा। प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शर्मा ने बूथ को मजबूत करने पर अपने विचार रखे।
महासचिव रणधीर शर्मा ने संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की जानकारी दी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तथा स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता होते हैं और जब तक कार्यकर्ता मजबूत नहीं होगा पार्टी मजबूत नहीं हो सकती। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अजय राणा, जिला महामंत्री दलीप ठाकुर, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा तथा दिलीप सकलानी, भाजमुयो जिलाध्यक्ष रजत ठाकुर, संजीव कटवाल के अलावा मडंल कार्यकारिणी, सभी प्रकोष्ठों तथा मोर्चों के पदाधिकारी, 13 ग्राम केंद्रों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। शिविर में धर्मपुर विस क्षेत्र के संधोल घनाला पंचायत के पूर्व प्रधान, ललित जम्वाल, हरि सिंह, जगदीश चंद, पूर्व डीएसपी चमन लाल, ओम प्रकाश, राजमल जम्वाल भाजपा में शामिल हुए। प्रेम कुमार धूमल ने उनका स्वागत किया।
