पार्किंग के अभाव से कारोबार पर मार

नूरपुर (कांगड़ा)। सड़कों पर सरपट दौड़ते सैकड़ों वाहनों को खड़ा करने के लिए नूरपुर शहर में कोई जगह नहीं हैं। ऐसे हालात में वाहनों को कहां पार्क किया जाए, इसका जवाब किसी के पास नहीं। हालांकि, नगर परिषद ने शहर में ऐतिहासिक विशेषर तालाब के नजदीक एक पार्किंग स्थल विकसित कर रखा है, लेकिन यहां मुश्किल से 10-15 वाहन ही पार्क किए जा सकते हैं। इससे पहले न्याजपुर और खंड विकास कार्यालय के परिसर के साथ वाहनों के लिए अस्थाई पार्किंग बनाई गई थी। यह व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। नतीजतन, शहर में पार्किंग के अभाव के चलते यहां हर वक्त वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। जिसके चलते शहर के चौगान और मेन बाजार में जाम लगना तो जैसे आम बात हो गई है। इससे आम जनता के साथ-साथ कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नेशनल हाईवे के किनारे बसे चौगान बाजार में पार्किंग के अभाव के चलते बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण ग्राहक भी रुकने से गुरेज करने लगे हैं। शहर के मेन बाजार का भी कुछ ऐसा ही हाल है। मेन बाजार में खरीददारी के लिए ग्राहकों को मजबूरन तहसील परिसर या फिर विशेषर तालाब के नजदीक गाड़ी खड़ी करनी पड़ती है। वहीं, मेन बाजार में खड़े रहने वाले आड़े-तिरछे वाहनों के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपमंडल मुख्यालय में सरकारी दफ्तरों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के चलते रोजाना लोगों की आवाजाही को देखते हुए पार्किंग के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है।

पार्किंग के लिए भेजी है योजना : नप
नूरपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा का कहना है कि शहर में उपरोजगार कार्यालय और हनुमान मंदिर के पास दो पार्किंग स्थल विकसित करने की एक कार्ययोजना मंजूरी के लिए शहरी विकास विभाग को भेजी गई है।

न्याजपुर में तैनात किए हैं पुलिस कर्मी : डीएसपी
डीएसपी राजीव अत्री का कहना है कि बेतरतीब ट्रैफिक व्यवस्था से निपटने के लिए चौगान व न्याजपुर में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही मेन बाजार में वन-वे ट्रैफिक सिस्टम को सख्ती से लागू करने की हिदायत दी गई है।

Related posts