पारा चढ़ते ही लू एवं धूल भरी आंधी

पांवटा साहिब (सिरमौर) पांवटा में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया है। गरमी के साथ लू के थपेड़े व धूल भरी आंधी लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। शहर के गीता भवन के समीप हैंडपंप बंद रहने से लोगों को दिक्कतें हो रही है। पांवटा के मुख्य बाजार में लोग दिन भर पेयजल के लिए भटकते दिखे।
पांवटा निवासी भरत राणा, अखिल शर्मा, निखिल कपिल व मनोज ने बताया कि दो दिनों से मौसम काफी गरम हो गया है। अधिकतम 39 से 40 डिग्री चल रहा है। नप खेल मैदान के आसपास धूल भरी आंधी से आसपास के व्यापारी, निजी व सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को भारी दिक्कतें हो रही है। बुधवार को दिन भर तेज धूल भरी हवा आसपास क्षेत्रों में उड़ती रही जिससे बाहर खड़े होना व चल पाना कठिन हो रहा था। संपर्क सड़कों में भी तेज हवा से छोटे वाहन चालकों को परेशानी होती रही।
शिलाई, सतौन व राजपुर निवासी अमित, दिनेश कुमार, सुमन व प्रवेश कुमार ने कहा कि बाजार में गीता भवन के पास हैंडपंप लगा था। आसपास ही सार्वजनिक नलके भी बंद है जिससे बाजार में खरीददारी करने पहुंचने वाले लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि बाजार में जल निकासी नाली की सफाई नहीं हो पाती है। इससे पानी आसपास क्षेत्र में एकत्र हो जाता था। इससे गंदगी व मच्छरों की भरमार बढ़ती रही। आसपास व्यापारियों ने बढ़ती गंदगी की शिकायत आईपीएच विभाग अधिकारियों से की थी। अब बाजार में लगा हैंडपंप बंद पड़ा है। क्षेत्रवासियों ने नप कमेटी से बाजार की जल निकासी नालियों की सफाई की मांग रखी है जिससे गीता भवन के पास बंद किए गए हैंडपंप को फिर से शुरू करवाया जा सकें।
उधर, आईपीएच के सहायक अभियंता पांवटा देवानंद पुंडीर ने कहा कि गीता भवन के पास हैंडपंप कुछ दिनों से बंद है। स्थानीय व्यापारियों ने जल निकासी नहीं होने से दिक्कतों की शिकायत की थी। नप कमेटी पांवटा को शीघ्र बाजार की जल निकासी नाली ठीक करवाने को कहा गया है जिससे क्षेत्र में पानी रुकने की दिक्कतें दूर हो तथा हैंडपंप को फिर से शुरू किया जा सके।

Related posts