पायलट और तकनीशियन के शव देहरादून भेजे

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ से लौटते समय क्रैश हुए चॉपर के पायलट और टेक्नीशियन के शव को बृहस्पतिवार को चॉपर से देहरादून भेज दिया गया। वहीं दो दिन से केदारनाथ में फंसे डीआईजी जीएस मर्तोलिया भी गुप्तकाशी लौट आए।
मंगलवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को लेकर ट्रंास भारत और पिनेकल एवीएशन के चॉपर केदारनाथ गए थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनको वहीं रुकना पड़ा। बु़धवार को लगभग तीन बजे केदारनाथ में हल्का मौसम खुलने पर ट्रांस भारत के पायलट जीएस ढालीवाल ने तकनीशियन अभय रंजन के साथ उड़ान भरी। जैसे ही चॉपर केदारनाथ से करीब एक किलोमीटर आगे गरुड़चट्टी पहुंचा, कुहरा छा गया। पायलट ने लौटने की कोशिश की, लेकिन कोहरे के वजह से दिखाई न देने के कारण चॉपर क्रैश हो गया। पुलिस ने बुधवार को चॉपर के मलबे से दोनों के शव बरामद कर लिए थे। दोनों के शव बृहस्पतिवार को केदारनाथ से गुप्तकाशी लाए गए। जहां अंतिम विदाई देने के बाद दोनों के शव देहरादून भेज दिए गए। बृहस्पतिवार सुबह एसपी बरिंदर जीत सिंह भी गुप्तकाशी पहुंचे। उनको केदारनाथ जाना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वह केदारनाथ नहीं जा पाए।

Related posts