
रामपुर बुशहर। खनेरी के बाद अब आईपीएच विभाग सोमवार से पिपटी, कल्याणपुर और चूहाबाग में पानी की राशनिंग शुरू कर रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत इन जगहों पर पेयजल आपूर्ति एक दिन छोड़कर की जाएगी। इसलिए लोग पेयजल का सावधानी से इस्तेमाल करें। अगर पेयजल व्यर्थ गंवाया तो नुकसान स्वयं का ही होगा।
लगातार गर्मी से बरौनी और हलोग पेयजल योजनाओं के मुख्य जल स्रोतों में भारी गिरावट आई है। जलस्तर गिरने के कारण योजनाओं से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। लोगों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़े, इसलिए आईपीएच विभाग ने राशनिंग व्यवस्था शुरू की है। इसके चलते शुक्रवार को खनेरी में एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति शुरू की गई और अब सोमवार से विभाग पिपटी, कल्याणपुर और चूहाबाग में एक दिन छोड़कर आपूर्ति शुरू करेगा। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता किशोर शर्मा और कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के मकसद से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने इन क्षेत्रों के लोगों से सहयोग की अपील की है। साथ ही कहा कि इन दिनों पेयजल का सावधानी से इस्तेमाल करें। पेयजल का दुरुपयोग बिल्कुल न करें। अगर पानी व्यर्थ में गंवाया तो नुकसान आपको स्वयं झेलना पड़ेगा।
