पानी के लिए की दोस्त की हत्या

बद्दी (सोलन)। कांगड़ा के शाहपुर निवासी युवक की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि युवक रामस्वरूप को उसके ही रूम पार्टनर ने पानी के लिए मौत के घाट उतार दिया। हालांकि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात ही करीब दस बजे हत्या आरोपी संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मृतक रामस्वरूप और हत्या का आरोपी संजीव एक ही गांव के रहने वाले हैं।
कांगड़ा के शाहपुर तहसील के रेहलू निवासी 31 वर्षीय स्वरूप सिंह बद्दी के कडूवाना गांव में एक किराए के कमरे में रहता था। पुलिस को शक था कि शराब के नशे में धुत्त दोनों के बीच झगड़ा हुआ और संजीव ने अपने रूम मेट का कत्ल कर दिया। हत्या के बाद वह डर गया। नशे की हालत में रात्रि करीब दस बजे अपने कमरे के साथ रहने वाले कुछ दोस्तों के कमरे में गया, लेकिन नशे की हालत में देख उसके साथियों ने उसे पनाह देने के लिए साफ मना कर दिया। जिससे वह कुछ देर बाद वापस लौट गया। इन लोगों का कहना था कि वह काफी तनाव में था तथा डरा हुआ लग रहा था।
डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी संजीव कुमार अब कई प्रकार की कहानियां गढ़ रहा था। हालांकि बाद में उसने अपना जुर्म कुबूल किया है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि पानी कम भरने के पीछे दोनों का झगड़ा हुआ। मृतक ने कपड़े धोने थे और पानी भरने का जिम्मा उस पर था, लेकिन राम स्वरूप कम पानी होने की बात कहकर उससे झगड़ा गया और गला पकड़ लिया। नशे में धुत्त दोनों की लड़ाई तेज हो गई। तभी उसने डंडा उठाया और उसके सिर पर दे मारा। आरोपी संजीव कुमार ने मृतक स्वरूप सिंह के छोटे भाई कमल को भी काफी देर बाद फोन किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के पास कई साक्ष्य थे, जिससे की हत्या की शक की सुई संजीव कुमार की तरफ घूम रही थी।

संजीव पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
बद्दी (सोलन)। हत्या के आरोप में गिरफ्तार संजीव कुमार का क्रिमिनल रिकार्ड है। कांगड़ा पुलिस में उसके खिलाफ मामले चल रहे हैं। वे कई बार अपने माता-पिता की पिटाई कर चुका है। झगड़ालू किस्म का व्यक्ति होने के साथ-साथ नशा भी करता है। रेहलू पंचायत प्रधान कर्ण परमार ने बद्दी पुलिस को बताया कि संजीव कुमार एक झगड़ालू किस्म का व्यक्ति है और इससे पहले वह कई बार अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका है। पंचायत के माध्यम से भी कई बार इसके फैसले कराए गए। यह युवक अचानक तनाव में आ जाता है तथा मारपीट करने पर उतर आता है।

Related posts