
काशीपुर। रेलवे द्वारा पानी की निकासी बंद करने से मलिन बस्ती में जलभराव हो गया। पानी जमा होने के विरोध में दर्जनों महिलाओं ने रेलवे स्टेशन अधीक्षक का घिराव किया।
शुक्रवार को टांडा उज्जैन रेलवे क्रासिंग के करीब मलिन बस्ती की दर्जनों महिलाओं ने नाली बंद करने से कालोनी में जलभराव के विरोध में और नाली खोलने की मांग को लेकर पार्षद गुरविंदर चंडोक के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह डुंगरियाल का उनके कार्यालय में घिराव कर सहायक मंडल इंजीनियर के नाम ज्ञापन दिया। चंडोक ने कहा कि टांडा उज्जैन वार्ड नंबर पांच में रेलवे क्रासिंग के पास मलिन बस्ती है। इस बस्ती के पानी की निकासी रेलवे लाइन किनारे के नाले की पुलिया से होती है। रेलवे ने पुलिया पर नाली बंद कर दी।
जिससे कालोनी में दो तीन-फिट ऊंचा पानी भर गया है। पानी रुकने से दुर्गंध आनी लगी है। जिससे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना है। पानी लोगों के घरों के अंदर तक जमा है। स्टेशन अधीक्षक ने इस मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भगवती, कैलाशो, नरामवती, ममता, सुमन, प्रेमवती, मयाबाला, जानकी, जय नंदन, राजकुमार आदि मौजूद थे।
