पानी की टंकी से निकले पक्षियों के पिंजर

सुंदरनगर (मंडी)। कारोबार के लिहाज से सुंदरनगर के धनोटू स्थित जिले की दूसरी सबसे बड़ी सब्जी मंडी में मूलभूत सुविधाओं का अकाल है। यहां जिस टंकी से मार्केट कमेटी मंडी किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों को पेयजल उपलब्ध करवाती है, उसमें मरे हुए चूहे व पक्षी निकले हैं। बुधवार सुबह जब नल में पानी नहीं आया तो वहां काम करने वाले मजदूर टंकी में पानी की मात्रा देखने के लिए लेंटर पर चढ़े। जहां टंकी खोलने पर उनके पांव तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने टंकी के अंदर मरे हुए चूहों और पक्षियों के अस्थि पिंजर व पंख पाए। जिस पर उन्होंने आढ़तियों को सूचित किया। सुंदरनगर के धनोटू में सरकार ने सब्जी मंडी तो खोल दी, पर यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नाकाम रही है। यहां रोजाना लाखों रुपये का कारोबार होता है, लेकिन सब्जी मंडी के चारों ओर गंदगी फैली रहती है। जिसकी साफ-सफाई के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शौचालय का टैंक क्षतिग्रस्त हो गया है। सब्जी मंडी में कारोबार करने वाले व्यापारियों बालक राम वर्मा, मोहन लाल, होशियार सिंह, अत्र सिंह, मितू, पपू और लाडी ने बताया कि सब्जी मंडी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मार्केट कमेटी मंडी से कई बार मांग की गई है, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इधर, प्रदेश के कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया से इस बारे में संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि किसानों और बागबानों को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाने को सरकार कदम उठा रही है। उन्होंने धनोटू सब्जी मंडी में फैली अव्यवस्था को दुरुस्त करवाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं, इस मामले की जांच करवाने की बात कही है।

Related posts