
काशीपुर। जल संस्थान नागरिकों को शुद्ध एवं पर्याप्त पानी की सप्लाई करने में विफल हो गया है। इससे भड़के व्यापारियों ने जल संस्थान के सहायक अभियंता का उनके कार्यालय में घिराव किया। व्यापारियों ने कई मुहल्लों में महीनों से पानी नहीं आने व र्कई स्थानों में पानी में बदबू व कीड़े आने की शिकायत की। व्यापारियों ने शनिवार तक पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कार्यालय में ताला ठोकने की चेतावनी दी।
देवभूमि व्यापार मंडल के सदस्यों ने नगराध्यक्ष आशीष अरोरा के नेतृत्व में संस्थान कार्यालय में सहायक अभियंता सुनील तिवारी का घिराव किया। भड़के व्यापारियों ने कहा कि विभाग दिन में एक बार भी पानी नहीं दे रहा है। कई मुहल्लों में तो पानी कई महीनों से आया ही नहीं। कई मुहल्लों में पानी के साथ कीडे़ आ रहे हैं तो कई स्थानों पर बदबूदार पानी। बांसफोड़ान सहित कई स्थानों पर पाइप लाइन लीक हैं। जिससे गंदा पानी वापस पाइप लाइनों से होकर टोटियों में जाता है। नगर निगम पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने शनिवार तक व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कार्यालय में ताला ठोंकने की चेतावनी दी।
सहायक अभियंता ने कहा कि जल स्तर गिरने से पानी कम उपलब्ध हो रहा है। बिजली कटौती और लो वोल्टेज से भी पानी की टंकियां पूरी नहीं भरी जा रही है। 40 साल पुरानी पाइप लाइनें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। संस्थान जलापूर्ति का प्रयास कर रहा है। घिराव करने वालों में राकेश नरुला, अमित जायसवाल, अनुराग माहेश्वरी, गौरव अग्रवाल, नमन अग्रवाल, रचित अग्रवाल, महेंद्र अरोरा आदि मौजूद थे।
