
नई टिहरी। टिहरी बांध की झील का जलस्तर बढ़ने से आसपास रह रहे लोगों के मकानों में दरारें पड़ रही हैं। प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकलने से ग्रामीणों में रोष है।
टिहरी बांध की झील में जलभराव बढ़ने से कई जगहों पर भूस्खलन हो रहा है। आरएल 900 मीटर के दायरे में बसे गांव में भूधंसाव और मकानों में दरारें पड़ रही हैं। वर्ष 2010-11 में ग्राम मदननेगी में 37 मकान जमीन में धंस गए थे वहीं अब पाचरी में भी ऐसी ही समस्या से लोग दो चार हैं। गांव के पूर्व प्रधान जटूराम पेटवाल, खिमानंद और राजेश पेटवाल आदि ने बताया कि सिंध नामे तोक में 18 परिवारों के घरों में दरारें पड़ गई है, खेत और पुस्ते भी धंस रहे हैं। नारगढ़ तोक में भी कई मकान इसकी चपेट में हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षेत्र का सर्वे कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
पाचरी में भूधंसाव होने की सूचना नहीं मिली है। झील के कारण अगर लोगों के मकानों में दरारें पड़ रही है, तो इसकी जांच कर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
