
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के बाद सोमवार देर रात भारत लौट आए। पीएम मोदी फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन की यात्रा पर गुरुवार (22 अगस्त) को रवाना हुए थे। पीएम मोदी ने फ्रांस के बियारेत्ज शहर में जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सोमवार को फ्रांस का बियारेत्ज शहर ऐतिहासिक पलों का गवाह बना है। राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता और बयान ने कूटनीति की नई ऊंचाई को छुआ है।
द्विपक्षीय बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने बड़ी कूटनीतिक कामयाबी हासिल करते हुए कश्मीर को भारत का आंतरिक और पाकिस्तान के साथ सभी मामलों को द्विपक्षीय बताया। प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि भारत और पाकिस्तान अपने सभी आंतरिक मामले सुलझा लेंगे, लेकिन भारत को इसमें किसी तीसरे देश की मध्यस्थता मंजूर नहीं है। इस कूटनीतिक कामयाबी का सबसे अहम पक्ष यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री के वक्तव्य से बिना किसी किंतु-परंतु के सहमति जताई है।
