
नई दिल्ली: पाकिस्तानी हमले पर रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने कहा, सेना सीमा पर तैयार है। रक्षा मंत्री ने कहा, नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के पांच भारतीय सैनिकों को मौत के घाट उतारे जाने की घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। पाकिस्तान के सैनिकों ने बीती रात जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा से लगी एक भारतीय चौकी पर हमला किया जिसमें पांच जवानों की मौत हो गई। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के सैनिकों ने कल मध्य रात्रि में भारतीय सीमा के भीतर घुसपैठ की तथा नियंत्रण रेखा के इस पार सरला चौकी पर घात लगाकर हमला किया।
सूत्रों ने कहा कि हमले में पांच भारतीय सैनिकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट के जरिए कहा, ‘‘मुझे सुबह के समय इस खबर के बारे में बताया गया कि नियंत्रण रेखा पर हमारे पांच सैनिक मारे गए हैं। उनके परिजनों के साथ मेरी पूरी संवेदना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन घटनाओं से पाकिस्तान के साथ रिश्तों को सामान्य बनाने अथवा इनमें सुधार में कोई मदद नहीं मिलती है तथा पाकिस्तानी सरकार की हालिया पहलों पर सवालिया निशान लगाता है।’’दिल्ली में सेना के सूत्रों ने बताया कि सेना प्रमुख जनरल विक्रम सिंह स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
