
पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी में बहे रोहन की मां किस्मत को कोस रही है। परिजनों का हाल बेहाल है। मां रानी ने रुंधे गले से कहा कि पिछले कुछ दिनों से बच्चों के साथ मायके जाने की इच्छा कर रही थी, लेकिन किन्हीं कारणों से मायके नहीं जा सकी। मां बेटे के नदी में डूबने पर किस्मत को कोस रही है कि काश मायके चली गई होती।
मौके पर मौजूदा महिलाओं और बच्चों की मानें तो मंगलवार को रोहन साथियों के संग खेल रहा था। कुछ लोग नदी में लकड़ियां एकत्र कर रहे थे। पांवटा नप क्षेत्र के वार्ड-5 में कुछ परिवार नदी किनारे रिहायश मकानों में रहते हैं। कुछ बच्चे आसपास उफनती नदी से जोखिम उठाकर लकड़ी पकड़ने वाले लोगों को देख रहे थे। छोटे बच्चे भी किनारे पर फंसने वाली छोटी-छोटी लकड़ियां को पकड़ने की सोचने लगे। इस बीच नदी किनारे खड़े रोहन (7) ने भी ऐसा ही प्रयास किया। नदी के एकदम किनारे पर पहुंचते ही तेज बहाव की चपेट में बच्चा आ गया और नदी में बह गया। थाना प्रभारी पांवटा भीष्म ठाकुर ने कहा कि यमुना में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय लड़का डूब गया है। मौके पर कुछ महिलाओं तथा बच्चों की ओर से लकड़ियां पकड़ने की बात सामने आ रही है। पुलिस छानबीन कर रही है।
