पांवटा साहिब मे दबिश देगी पालमपुर पुलिस

पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले दिनों पालमपुर में एक बैंक से जाली ड्राफ्टों के जरिये लाखों रुपए उड़ाने वाले शातिरों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पालमपुर में शातिरों द्वारा एक बैंक से दो जाली ड्राफ्टों के माध्यम से करीब 14 लाख रुपये निकाले गए। इस मामले को लेकर पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज देख पता लगाएगी कि किस व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि यह पुख्ता नहीं है कि पैसे निकालने वाले शातिर की सीसीटीवी फुटेज बैंक में आई है कि नहीं। लेकिन पुलिस इसकी जांच करेगी। वहीं पुलिस उस अकाउंट का भी पता करने में जुटी है, जिसके जरिये यह ड्राफ्ट बने हैं। पुलिस यह भी जानने में लगी है कि शातिर ने कहीं बैंक में फर्जी अकाउंट तो नहीं खुलवाया था। मामले में इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस एक ब्लू प्रिंट तैयार कर रही है। इसके चलते पुलिस पांवटा साहिब में ड्राफ्ट बनने वाली जगह के अलावा अन्य स्थानों पर भी दबिश देगी।

यह है मामला
गौरतलब है कि शातिरों ने 70-70 रुपये के दो ड्राफ्ट बनाए थे। बाद में उनसे छेड़छाड़ कर सात-सात लाख रुपये का बना दिया था और उसे एसबीआई बैंक के अकाउंट में डाल दिया था। इसकी क्लीयरेंस केसीसी बैंक से होनी थी और शातिर क्लीयर करने में कामयाब हो गए थे। जबकि एक अन्य मामले में 6.90 लाख के जाली ड्राफ्ट को केसीसी बैंक पालमपुर के प्रबंधक ने पकड़ लिया था। अन्यथा बैंक को एक और बड़ी चपत लग जाती। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस सारा खाका तैयार कर रही है। जल्द ही शातिरों का पता लगाया जाएगा।

Related posts