पांवटा में कबूतरबाज पुलिस की गिरफ्त से बाहर

राजपुर/ पांवटा (सिरमौर)। थाना क्षेत्र पांवटा के तहत कबूतरबाजी के मामले का आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। विदित रहे कि अंबाला (हरियाणा) निवासी एक व्यक्ति पांवटा में गीता भवन के पास एक ट्रेवल एजेंसी चलाता है। उस पर आरोप है कि वह कबूतरबाजी के तहत लोगों को विदेश भेजने का झांसा देता है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांवटा निवासी सतीश कुमार नाम का एक व्यक्ति और उसके दो अन्य दोस्त उत्तराखंड के सैलाकुई निवासी लोगों से 5-5 हजार रुपये मेडिकल एवं अन्य लाखों रुपये की मांग विदेश भेजने के लिए करते थे। विदेश भेजने के नाम पर कार्यालय खोलने वाले आरोपी व्यक्ति ने मिश्रवाला की एक युवती को अपने आफिस में नौकरी पर रखा हुआ था। जबकि पुलिस के अनुसार आरोपी खुद भी पांवटा में एक किराए के मकान में रहता था।
उधर डीएसपी पांवटा योगेश रोल्टा ने बताया कि विजय कुमार नाम के व्यक्ति के खिलाफ शिकायत पुलिस के पास आई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। डीएसपी के अनुसार आरोपी व्यक्ति कबूतरबाजी का धंधा चला रहा था। वह फरार हो गया है। पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है। पूरे मामले की तह तक जाकर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts