पांवटा कालेज को डेढ़ करोड़ मंजूर

पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री गुरु गोविंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा में अतिरिक्त शैक्षणिक भवन योजना को मंजूरी मिल गई है। भवन के निर्माण पर 1.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अब पीडब्ल्यूडी विभाग इसकी ड्राइंग तैयार करने में जुट गया है। पांवटा कालेज पीटीए कमेटी अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा और एससीए कमेटी अध्यक्ष अजय राणा ने बताया कि विगत स्कूल में अतिरिक्त शैक्षणिक भवन की मांग रखी थी। इसके लिए दशकों पुराने भवन को तोड़, यहां पर योजना के तहत तीन मंजिला नया भवन बनाया जाना है। इसके लिए सरकार और विभाग से बजट के प्रावधान की मांग उठाई थी। अब योजना के तहत 1.53 करोड़ राशि को स्वीकृति मिली है। इसमें मैदानी तल पर एक जियोग्राफी और दो केमेस्ट्री लैब बनेगी।
प्रथम तल पर 3 लेक्चर थियेटर और दूसरे तल पर सेमीनार हाल बनाए जाएंगे। इससे कालेज के विद्यार्थियों और स्टाफ को काफी सुविधा मिल सकेगी। इस बारे, पांवटा कालेज के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. टीआर पराशर ने कहा योजना को करीब डेढ़ करोड़ बजट की मंजूरी मिली है। इसमें से 18 लाख राशि पहुंच गई है। लोक निर्माण विभाग पांवटा को राशि जमा करवाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग पांवटा के अधिशासी अभियंता आरएस चंदेल ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि इस योजना का एस्टीमेट बनाकर मंजूरी को भेजा था। कालेज तीन मंजिला अतिरिक्त शैक्षणिक भवन योजना को बजट स्वीकृत हो गया है। अब कालेज में बनने वाली इस योजना की ड्राइंग तैयार की जाएगी।

Related posts