
चंबा। जिले के दर्जनों छात्र-छात्राएं इंस्पायर अवार्ड स्क ीम के तहत मिलने वाली स्कालरशिप से वंचित रह सकते हैं। शिक्षा विभाग की ओर से जिले भर के तमाम स्कूलों से साइंस विषय के टापर छात्रों की सूची मांगी गई थी, लेकिन अभी तक मात्र 103 स्कूलों से ही टॉपर्स की सूची शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय पहुंची है। मौजूदा समय में जिले में 93 सीनियर सेकेंडरी स्कूल 82 हाईस्कूल व ढाई सौ से ज्यादा मिडल स्कूल चल रहे हैं। इसके अलावा दर्जनों प्राइवेट स्कूल खोले गए हैं, लेकिन अभी तक इंस्पायर स्क ीम के तहत मिलने वाली स्कालरशिप के लिए मात्र 103 स्कूलों के छात्रों ने ही अप्लाई किया है। उल्लेखनीय है कि साइंस विषय में पहला स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को इंस्पायर अवार्ड स्क ीम के तहत पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। यह राशि छठी कक्षा से लेकर 12वीं तक के बच्चों को प्रदान की जाती है। निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी इस स्कीम के तहत पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इंस्पायर अवार्ड स्कीम के जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से 31 जनवरी तक निदेशालय को साइंस के टॉपर्स की सूची भेजी जानी है। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों ने अभी तक साइंस विषय के टॉपर्स की सूची नहीं भेजी है, संबंधित स्कूल के मुखिया 25 जनवरी से पहले टॉपर्स की सूची शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी स्कूल के छात्र इंस्पायर अवार्ड स्कीम के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति पाने से वंचित रहते हैं तो इसके लिए संबंधित स्कूल के मुखिया जिम्मेदार होंगे। उन्होंने स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि तय समय पर साइंस विषय में टॉपर्स की सूची शिक्षा विभाग को प्रेषित करें।
