पांच हजार की नकदी और सामान लूटा

टनकपुर। बेखौफ हो चुके जहर खुरानी गिरोह ने एक और यात्री को सफर के दौरान अपना शिकार बनाकर हजारों की नकदी लूट ली। बनबसा में लावारिश हाल बेहोश मिले पीड़ित यात्री को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सोमवार सुबह बनबसा बस स्टेशन के पास एक यात्री बेहोश पड़ा मिला। पुलिस की सूचना पर 108 वाहन के स्टाफ ने उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। होश आने पर पीड़ित यात्री ने अपना नाम पता बताया, जिसके मुताबिक वह नेपाल के खंपाखेरा गांव का निवासी गंभार सिंह पुत्र गोरे लाल है। उसने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी कर रहे पुत्र और पुत्री से मिलकर लौट रहा था। रविवार शाम वह बनबसा आने के लिए रोडवेज की बस में सवार हुआ। सफर के दौरान वह कब और कैसे बेहोश हुआ उसे नहीं मालूम। उसकी जेब से पांच हजार की नकदी और सामान से भरे दो बैग, एक थैला गायब है। बनबसा थानाध्यक्ष राम सिंह मेहता का कहना है कि पीड़ित यात्री को संभवत: रोडवेज बस का चालक-परिचालक लावारिश हाल में उतार गए, जिनका पता लगाया जा रहा है।

Related posts