
चंबा। पुलिस ने अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को पुलिस की टीम ने एसएचओ तिलक राज की अगुवाई में कियाणी क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे वाहनों पर धावा बोला। इस मौके पर रावी नदी में खनन करते हुए दो लोगों के चालान काटे गए और जुर्माना भी किया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को उदयपुर के पास एक ट्रैक्टर (एचपी 73-2283) रेत लेकर जा रहा था। जब पुलिस की टीम वहां पहुंची तो ट्रैक्टर चालक रेत से लदे ट्रैक्टर को वहीं छोड़कर भाग गया। पुलिस ने चालक धीरज कुमार पुत्र धनी चंद निवासी मंगला का चालान काटा है। इसके बाद पुलिस की टीम कियाणी के पास पहुंची और वहां पर एक ट्रैक्टर (नंबर एचपी 73-0591) में भी रेत भरी जा रही थी। पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर चालक विश्वजीत पुत्र जगत राम निवासी करीयां पर अवैध खनन करने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया। उल्लेखनीय है कि रावी नदी से भारी मात्रा में अवैध रूप से रेत व बजरी निकाली जा रही है। हर रोज रेत बजरी से लदे ट्रैक्टर यहां से गुजर रहे हैं। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है। एसएचओ तिलक राज ने बताया कि अवैध खनन करते हुए दो लोगों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि एक चालक से मौके पर ही पांच हजार रुपये वसूल किए गए हैं। दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जेसीबी नहीं पकड़ पाई पुलिस
पुलिस ने अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर चालकों को दबाचने में तो सफलता हासिल की है, लेकिन यहां धड़ाधड़ खनन में जुटी एक जेसीबी नहीं पकड़ पाई है। रविवार को इस जगह एक जेसीबी से अवैध खनन चल रहा था। जब पुलिस ने छापेमारी की तो सिर्फ ट्रैक्टर ही हत्थे चढ़े हैं। यह जेसीबी पुलिस की नजर में नहीं आ पाई।
