पांच साल में 59 स्कूल नए खुले, 54 किए बंद

अल्मोड़ा। जिले में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। पिछले पांच साल में 59 नए प्राथमिक स्कूल खुले लेकिन दूसरी तरफ छात्र संख्या शून्य हो जाने अथवा बहुत कम हो जाने के कारण 54 स्कूल बंद कर दिए गए। इसके अलावा भवन बनने के बावजूद पांच स्कूल संचालित ही नहीं हो सके हैं।
अल्मोड़ा जिले में पिछले पांच सालों में 59 नए प्राथमिक स्कूल खुले लेकिन दूसरी तरफ छात्र संख्या घटने के कारण 54 स्कूल बंद हो गए। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 30 प्राथमिक विद्यालय तो छात्र संख्या शून्य हो जाने के कारण बंद करने पड़े। इसके अलावा 24 स्कूलों में भी छात्र संख्या काफी कम हो गई थी लेकिन इन विद्यालयों के बच्चों को एक किमी की परिधि में स्थित अन्य विद्यालयों में समायोजित करने के बाद स्कूल बंद कर दिए गए।
अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के ही 11 स्कूलों को बंद करके आसपास के स्कूलों में मर्ज कर दिया गया। जिले में पांच विद्यालयों के भवन बनकर तैयार हैं लेकिन इन्हें आज तक संचालित नहीं किया जा सका है। इनमें बधाण, अनोली, धूरा जंतरा, तल्ला सेराघाट और पांडेकोटा के विद्यालय शामिल हैं।

नगर के पांच स्कूलों में पढ़ रहे हैं सिर्फ 241 बच्चे
अल्मोड़ा। सरकारी प्राथमिक स्कूलों में छात्र संख्या बहुत तेजी से घट रही है। पांच साल पहले तक नगर में 16 प्राथमिक स्कूल थे लेकिन वर्तमान में नगर क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक स्कूल पंचधारा, गोपालधारा, राजपुरा, कृष्णदास साह, एनटीडी सिर्फ पांच स्कूल संचालित हो रहे हैं। पिछले शिक्षा सत्र में इन पांच स्कूलों में करीब 300 बच्चे पढ़ते थे लेकिन एक ही साल में छात्र संख्या घटकर 241 हो गई है। एक ही साल में 59 छात्र घट गए। वर्तमान में प्राथमिक स्कूल पंचधारा में 67, गोपालधारा में 51, राजपुरा में 39, कृष्णदास साह नरसिंहबाड़ी में 46 और एनटीडी में 38 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। सरकारी प्राथमिक स्कूलों में जिस तेजी से छात्र संख्या घट रही है। उससे बहुत कम छात्र संख्या वाले कई स्कूलों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।

Related posts