
चंबा। कृषि विभाग जिला की पांच पंचायतों को 10-10 लाख रुपये देगा। इस राशि से चयनित पंचायतों में कृषि से संबंधित जरूरी ढांचा तैयार किया जाएगा। कृषि विभाग ने इसके लिए पांच पंचायतों का चयन कर लिया है। भरमौर ब्लॉक की संचूई, मैहला ब्लाक की उठलुंई, तीसा की सत्यास, सलूणी की किहार और भटियात ब्लाक की जंदरोग पंचायत का चुनाव किया गया है।
इन पंचायतों में पैसा खर्च करने के लिए कृषि विभाग ने एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। पंचायतों में इस राशि से कृषि से संबंधित संसाधन जुटाए जाएंगे। जरूरी स्थानों पर जल संग्रहण के प्रबंध किए जाएंगे। इसके अलावा पंचायतों में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। किसानों को कृषि की विभिन्न योजनाओं के बारे में विशेषज्ञों द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी। किसानों को आधुनिक तरीके से खेती करने की तकनीकों के बारे में बताया जाएगा। पंचायतों को मिलने वाली राशि से पंचायत की स्थिति के मद्देनजर रखते हुए कृषि के विकास के लिए योजना तैयार की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य पंचायतों के किसानों को स्वरोजगार से जोड़ना है। नई तकनीकों व नकदी फसलों की खेती कर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। किसानों को इससे रोजगार के लिए बाहरी क्षेत्रों का भी रुख नहीं करना पड़ेगा। कृषि विभाग का कहना है कि पंचायतों में पैदा होने वाली नकदी फसलों को बाजार मुहैया करवाने के भी प्रयास किए जाएंगे।
आत्मा परियोजना के उपनिदेशक डा. सुभाष चौधरी ने बताया कि पंचायतों का चयन कर लिया गया है। कृषि विभाग के उपनिदेशक शिव कुमार शर्मा का कहना है कि चयनित पंचायतों में जल्द कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके लिए एक्शन प्लान को अंतिम रूप दिया जा चुका है। पंचायतों में वाटर रिसोर्स चक्र बनाए जाएंगे और कृषि से संबंधित संसाधन जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
