पांच दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं कुबेर

अल्मोड़ा। भिकियासैंण के विनायक इंटर कालेज को मॉडल स्कूल का दर्जा देने समेत छह सूत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डीएम कार्यालय प्रांगण में आमरण अनशन सत्रहवें दिन भी जारी रहा। द्वितीय चरण में कुबेर सिंह बिष्ट को भूख हड़ताल में बैठे पांच दिन हो गए हैं। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन द्वारा की जा रही आंदोलन की उपेक्षा पर रोष जताया और आंदोलन तेज करने की धमकी दी।
विनायक इंटर कालेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सत्रह दिन से कलक्ट्रेट परिसर में आंदोलन चल रहा है। पहले चरण में आमरण अनशन पर बैठे तीन आंदोलनकारियों को स्वास्थ्य गिरने पर पुलिस प्रशासन ने पूर्व में ही जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया था। उनका अनशन समाप्त हो गया है जबकि चौथे अनशनकारी वीरेंद्र कुमार ओझा को प्रशासन ने गुरुवार रात अस्पताल में भर्ती करा दिया था। उनका अनशन भी समाप्त हो गया है।
आंदोलन के समर्थन में बालम सिंह नेगी, महेश सती, श्याम सुंदर मठपाल क्रमिक अनशन पर बैठे। आंदोलन की अगुवाई कर रहे तुला सिंह तड़ियाल ने शासन और प्रशासन पर आंदोलन की लगातार अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शासन की उपेक्षा से आंदोलन भिकियासैंण घाटी में भी फैल गया है। यदि जल्द मांगें नहीं मानी गई तो आदोलन उग्र किया जाएगा।

Related posts