पांच दिन बाद भी नहीं मिली रसीद

स्वारघाट (बिलासपुर)। यूको बैंक स्वारघाट में सेवाएं चरमरा गई हैं। बैंक उपभोक्ताओं को लेनदेन के लिए बैंक के कई चक्कर काटने पड़ रहे हैं लेकिन उसके बाद भी पांच दिन बीत जाने के बाद उन्हें न ही जमा राशि की रसीद मिल रही है तथा न ही सुविधा। इससे दूर दूर के क्षेत्रों से आ रहे उपभोक्ताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नयनादेवी क्षेत्र के कौलांवाला टोबा से आए राम किशन, किरण देवी ने कहा कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए सोमवार को सात हजार तीस रुपये स्टांप पेपर रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाई लेकिन यूको बैंक में तकनीकी खराबी के कारण पांच दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें रसीद नहीं मिल पाई है। बनेर कस्बे के गांव डुग्गा प्लेट से भगत राम, गांव कोहला से संतराम, मझेड़ से सुखदेव, लाजवंती, जोखाड़ी से रोशनी धीमान, जगतराम ने कहा कि यूको बैंक में हर बार मॉडम खराब होना समस्या का कारण बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह कई दिनों से बैंक में लेनदेन के लिए चक्कर काट रहे हैं लेकिन अधिकारियों, कर्मचारियों से एक ही बात सुनने को मिल रही है कि मॉडम खराब है। यूको बैंक में सेवाएं ठप होने के कारण कई लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए ताकि उनके कार्य समय पर पूरे हो सकें।
उधर, इस बारे में यूको बैंक स्वारघाट शाखा के प्रबंधक जेएस खुश ने कहा कि बीएसएनएल द्वारा लगाया गया मॉडल वीरवार को खराब हो चुका है। इसके चलते ग्राहको को समस्या उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या के बारे उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts