पांच तोला सोना और 10 हजार नगद उड़ाए

अल्मोड़ा। चोरों ने धौलादेवी ब्लाक के चामी गांव में शनिवार शाम एक घर के ताले तोड़कर 1.81 लाख रुपए मूल्य के पांच तोले सोने के जेवरात और 10 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। चोरी के दौरान परिवार वाले पड़ोस में विवाह समारोह में गए थे। परिवार ने रविवार को राजस्व उप निरीक्षक पनुवानौला के यहां चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
चामी गांव में शनिवार को विवाह समारोह था। गांव निवासी गोधन सिंह पुत्र मनोहर सिंह बारात में गए थे। जबकि उनके पिता मनोहर सिंह इन दिनों दुगालखोला (अल्मोड़ा) में अपने बड़े पुत्र इंद्र सिंह बिष्ट के यहां आए हुए थे। इंद्र सिंह द्वाराहाट ट्रेजरी में काम करते हैं। शनिवार शाम चामी गांव में घर पर गोधन सिंह की पत्नी पुष्पा, उनकी दो बेटियां थीं। दोनों बेटियों को सुलाकर पुष्पा शाम छह बजे घर में ताला लगाकर पड़ोसी के यहां विवाह समारोह में शामिल होने चली गई।
इसी दौरान चोर ताले तोड़कर घुस गए। चोरों ने बक्सों में रखे तीन तोले सोने की पौंची, डेढ़ तोले वजन की नथ, आधा तोले वजन का मांग टीका के अलावा 10 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। यही नहीं चोर ताले तोड़कर बक्से और सामान आंगन में बिखरा गए। पुष्पा जब एक घंटे बाद करीब सात बजे घर लौटी तो उसे घटना की जानकारी मिली। रविवार को परिवारजनों ने चोरी की प्राथमिकी राजस्व उप निरीक्षक पनुवानौला दीपक वर्मा के यहां दर्ज कराई है। शाम को राजस्व निरीक्षक पूरन सिंह सुप्याल, राजस्व उप निरीक्षक पनुवानौला वर्मा और महरगांव के पटवारी नरेंद्र सिंह ने चामी गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया।

आसपास के ही रहे होंगे चोर !
अल्मोड़ा। चामी गांव में गोधन सिंह की पत्नी पुष्पा शाम छह से सात बजे तक घर पर नहीं थी। चोरों ने पुष्पा के विवाह समारोह में जाते ही एक घंटे के भीतर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर आसपास के ही रहे होंगे और क्षेत्र के बारे में पूरी जानकारी रखते होंगे।

Related posts