
शिमला। संजौली में पुलिस के ऑपरेशन क्लीन की पांच दिन में ही बैंड बज गई है। अचानक बंद हुई पुलिस की कार्रवाई को पुलिस अफसर के तबादले से जोड़कर देखा जा रहा है। लिहाजा, अब थाना और चौकी स्तर के पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मचारियों को भी अपनी कुर्सी हिलती नजर आ रही है। जोर-शोर से शुरू की गाड़ियां हटाने की कार्रवाई पर विराम लग गया है। अब पहले की तरह जिसका जहां मन करे, संजौली में वहीं गाड़ियां पार्क कर सकते हैं। पुलिस भी पहले की तरह यहां तमाशबीन है। पुलिस के इस ऑपरेशन क्लीन में शिमला पुलिस ब्लॉग पर आम लोगों की तरफ से 388 लाइक भी मिले थे।
बीते वीरवार को पुलिस प्रशासन ने संजौली में सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को हटाना शुरू किया। इसके लिए पुलिस ने दो क्रेनों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने गाड़ी चालकों से आग्रह किया कि इन गाड़ियों को बाईपास रोड या नवबहार की तरफ येलो लाइन में खड़ा करें। संजौली में इन गाड़ियों की वजह से ट्रैफिक जाम लगता है और राहगीरों को चलने में दिक्कत होती है।
इनसेट
कुछ दिन की दी है मोहलत
डीएसपी ट्रैफिक दिनेश शर्मा ने कहा कि पार्षद सुशांत कपरेट ने आग्रह किया कि जब तक यहां पार्किंग शुरू नहीं हो जाती, तब तक गाड़ियां खड़ी करने की छूट दी जाए। पार्किंग शुरू होने के बाद किसी को भी सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने की स्वीकृति नहीं दी जाएगी। फिलहाल ऑपरेशन क्लीन को स्थगित कर दिया गया है।
एक महीने में शुरू हो जाएगी पार्किंग
पार्षद सुशांत कपरेट ने कहा कि एक माह में नगर निगम यहां पार्किंग शुरू कर देगा। तब तक पुलिस प्रशासन से आग्रह किया गया है कि आईजीएमसी रोड और नवबहार रोड पर खड़ी गाड़ियों के चालान न किए जाएं। पुलिस ने आग्रह मान लिया है।
