
अल्मोड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी विचार विभाग प्रकोष्ठ जिला शाखा के पदाधिकारियों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता से मिला और नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्र में मिट्टी तेल और चीनी का कोटा बढ़ाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि आपदा से हो रहे नुकसान के लिए जिला प्रशासन शीघ्र धनराशि अवमुक्त करे ताकि संबंधित विभाग नुकसान की क्षतिपूर्ति को पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि जीआईसी फील्ड निरंतर धंस रहा है। इसके मद्देनजर दीवार बना कर फील्ड को सड़क से जोड़ा जाए ताकि वहां पर एक मिनी हेलीपैड बनाया जा सके। स्टेडियम में होने वाले गैर क्रीड़ा संबंधी कार्यों को जीआईसी फील्ड में कराया जाए। उन्होंने ढूंगाधारा क्षेत्र में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बल्ढोटी में करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे नालियों में कीचड़ भर जाने से पानी सड़क और मकानों में चला जा रहा है। जल निकासी के लिए नालियों, कल्वर्टों की सफाई की जाए। पेयजल के पाइप नालियों और बीच रास्तों में बिछे हुए हैं। ज्ञापन देने वालों में प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज सनवाल, महामंत्री मुकेश नेगी, प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश जोशी, प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह चौहान, कुमाऊं मंडल संयोजक केवल सती, प्रदेश कोषाध्यक्ष जगदीश पांडे, त्रिलोचन जोशी, सुरेश तिवारी, आनंद सिंह ऐरी आदि शामिल थे।
