
हल्द्वानी। पहाड़ों पर रविवार से फिर बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में इसकी अधिक संभावना है। यदि बारिश होती है तो आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत कार्य प्रभावित हो सकता है।
पहाड़ों पर बारिश के दिए जख्म अभी भरे भी नहीं हैं कि रविवार से फिर बारिश का खतरा मंडराने के आसार हैं। मौसम खराब होने से हेलीकाप्टरों से हो रहा बचाव कार्य रुक जाएगा, जबकि हेलीकाप्टरों के जरिये ही सैकड़ों आपदा पीड़ितों को बाहर निकाला जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक एचएस कुशवाहा के मुताबिक तराई में शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री से बढ़कर 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान में .6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
