
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के बीड़ क्षेत्र में एक युवक के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक बीड़ निवासी 27 वर्षीय अश्विनी पुत्र नारायण पहाड़ी के ऊपर से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आ गया। बीड़ पंचायत के उप प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि अश्विनी अपने परिजनों के साथ बड़ा भंगाल से वापस बीड़ आ रहा था कि राजगुंधा के समीप पनिहारटू में पहाड़ी के ऊपर से पत्थर गिरने से उसकी मौत हो गई। पत्थर लगने के बाद अश्वनी को राजगुंधा लाया जा रहा था कि वहां पर उसने दम तोड़ दिया। आईआरडीपी परिवार से संबंधित मृतक के पिता नारायण बड़ा भंगाल को जाने वाले रास्ते के मध्य पनिहारटू में चाय की दुकान करते हैं। वर्तमान में ट्रैकिंग सीजन के चलते पनिहारटू में रह रहे हैं। मृतक अपने पीछे पांच वर्ष की बेटी व तीन वर्ष का बेटा तथा पत्नी छोड़ गया है। पंचायत प्रधान शीला देवी और उप प्रधान सुरेश कुमार ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की उचित सहायता करने का आग्रह किया है।
