पहले सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी को ठोका, फिर धमकाया

हल्द्वानी। बरेली रोड पर एक मैक्स चालक ने पहले सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी को टक्कर मार दी, इसके बाद खुद ही उनके ड्राइवर को धमकाने लगा, जबकि उस वक्त गाड़ी में सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी दोनों मौजूद थे। साहब के सामने दबंगई करता देख गनर ने मैक्स चालक को एक थप्पड़ रसीद दिया। उसे गाड़ी सहित कोतवाली लाया गया। बाद में मालिक ने आकर गाड़ी और चालक दोनों को छुड़वाया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल अपनी सरकारी जीप से एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव के साथ बरेली रोड से कोतवाली की ओर आ रहे थे। मंडी चौकी से कुछ दूरी पर मैक्स चालक ने जबरन गाड़ी ओवरटेक करने के चक्कर में सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैक्स चालक गाड़ी सड़क पर खड़ी कर सिटी मजिस्ट्रेट के चालक को धमकाने लगा। उसे ठीक से गाड़ी चलाने ओर हूटर बंद करने की नसीहत देने लगा। जब चालक ने बताया कि अंदर सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी बैठे हैं तो चालक उन्हें भी देख लेने की बात कहने लगा। जिस पर गुस्साए सिटी मजिस्ट्रेट के गनर ने नीचे उतरकर मैक्स चालक के एक थप्पड़ रसीद कर दिया। उसे गाड़ी सहित पकड़कर कोतवाली लाया गया। बाद में मैक्स जीप के मालिक ने कोतवाली पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट से माफी मांगी, जिस पर मैक्स चालक और गाड़ी को छोड़ा गया।

Related posts