पहले विज्ञान केंद्र से जुड़ेगा हिमाचल

पालमपुर (कांगड़ा)। आम आदमी से लेकर विद्वानों तक विज्ञान की जटिलताओं को सरलता से समझने के लिए कृषि विवि पालमपुर प्रदेश के पहले क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र से जुड़ेगा। इसपर छह करोड़ की लागत आएगी। जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और केंद्रीय संस्कृति मंत्री चंद्रेश कुमारी रविवार को करेंगे। देश के कुछ राज्यों में चले ऐसे विज्ञान केंद्रों की तर्ज पर पालमपुर में बनने वाला विज्ञान केंद्र प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। जिसमें कृषि विवि के छात्र ही नहीं, बल्कि महिलाओं, बाहरी स्कूलों के छात्र, विज्ञान के अध्यापकों और अन्य शिक्षाविदों समेत आम आदमी तक इस विज्ञान केंद्र में विज्ञान से संबंधित बातों को समझाने के लिए अलग-अलग शाखाएं व भवन बनेंगे। जिसमें प्रदर्शनियां, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार व मानव जीवन में पनबिजली को ध्यान में रखते हुए इसके संचालन के लिए विशेष कक्ष भी बनाया जाएगा। मूलरूप से छात्रों के अंदर विज्ञान केंद्र विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने का कार्य करेगा। जबकि इस विज्ञान केंद्र के बनने में बड़ी बात यह होगी कि इसके संचालन का सारा खर्चा भारत सरकार करेगी। प्रदेश सरकार का कुछ खर्च नहीं होगा। उधर, विवि के कुलपति डा. केके कटोच ने कहा कि इस विज्ञान केंद्र को लेकर केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी ने दिशा-निर्देश दिए थे। जिस पर उन्होंने जल्द इसका खाका तैयार कर उनके सामने रखा था। यह विज्ञान केंद्र छह करोड़ से बनेगा।

Related posts