
धर्मशाला। धर्मगुरु दलाईलामा की नगरी मैकलोडगंज आतंकियों के निशाने पर है। हाल ही में गिरफ्तार हुए इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी यासीन भटकल के प्लान ने कांगड़ा पुलिस की नींद उड़ा दी है। पुलिस समेत इंटेलिजेंस एजेंसियों ने भी जानकारियां एकत्रित कने के लिए कसरत शुरू कर दी है। एजेंसियों के अधिकारी भी आतंकी गतिविधियाें को लेकर जानकारी हासिल कर रहे हैं। इससे पहले भी हिजबुल के दो आतंकी धर्मशाला के योल से धरे जा चुके हैं।
हिजबुल के एरिया कमांडर समेत एक अन्य आतंकवादी योल के समीप दो माह तक रह चुके हैं। इसकी भनक मिलने के बाद दोनों को हिमाचल और जेएंडके पुलिस ने दबोचा था। भटकल की प्लानिंग में भी धर्मशाला-मैकलोडगंज शामिल थे। अगर भटकल धर्मशाला पहुंच जाता तो धर्मशाला समेत मैकलोडगंज में खूब तबाही हो सकती थी। अब भटकल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश में दो अन्य आतंकवादियों के होने को लेकर भी अटकलें लग रही हैं। ऐसे में पुलिस सतर्क हो गई है, साथ ही इंटेलिजेंस एजेंसियों ने भी आतंकवादियों की संभावित मौजूदगी को लेकर अपनी जांच तेज कर दी है। भटकल के निशाने पर पहले दलाईलामा और मठ थे। अब पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। रात के समय भी आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। साथ ही जिला में बाहर से आने वाले लोगों के आई कार्ड भी चेक किए जा रहे हैं। इसके अलावा मजदूरी का काम करने वालों की भी पुलिस पहचान कर रही है।
उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि पुलिस रुटीन में चेकिंग कर रही है। साथ ही इंटेलिजेंस एजेंसियों से भी पल-पल की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला में अलर्ट जारी है।
