
नेरचौक (मंडी)। बल्ह तहसील कार्यालय पहले दिन से ही ऑनलाइन हो गया है। प्रदेश की यह पहली ऐसी तहसील है जो पहले दिन से ऑनलाइन सुविधा से जुड़ी है। 30 साल के लंबे इंतजार के बाद बल्ह के लोगों को तहसील मिली है। रविवार को हुए कार्यालय के उद्घाटन पर पांच रजिस्ट्री, 25 इंतकाल तथा12 प्रमाण पत्र बनाए गए। तहसील का पहला बोनोफाइड प्रमाण पत्र आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी को दिया गया। बल्ह तहसील के अधीन तीन काननूगो, 27 पटवार सर्कल हैं। इसमें 199 गांव बल्ह तहसील में शामिल किए गए। बल्ह विधानसभा क्षेत्र की 39 तथा नाचन विस क्षेत्र की 12 पंचायतों के करीब एक लाख लोगों को तहसील की सुविधा मिलेगी। बल्ह क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधित कार्यों के लिए अब मंडी नहीं जाना पड़ेगा। तहसीलदार बल्ह अजय पराशर ने बताया कि तहसील कार्यालय में 60 कर्मचारियों का स्टाफ है। एक लाख 50 हजार 85 खसरा नंबर हैं। तहसील के अधीन 19 हजार 687 हेक्टेयर क्षेत्रफल आता है। हिम रीस, हिम भूमि, ई प्रमाण पहले दिन से ऑनलाइन हैं। ई स्टांपिंग की माडर्न व्यवस्था की गई है। तहसील कार्यालय में कोई फाइलें नहीं हैं। प्रदेश की यह पहली तहसील है जो पहले दिन से ऑनलाइन हुई है। लोग फाइल तथा जमाबंदी ऑनलाइन भी देख सकते हैं। बल्ह तहसील ए क्लास की श्रेणी में है।
