पहले दिन किसी ने नहीं भरा नामांकन पर्चा

रोहडू। व्यापार मंडल रोहडू के चुनाव में अभी तक कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं आया है। नामांकन दाखिल करने के पहले दिन रविवार को किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पर्चा नहीं भरा। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। सोमवार शाम पांच बजे तक ही नामांकन दाखिल किया जा सकता है।
व्यापार मंडल रोहडू के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। रविवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव को नामांकन दाखिल करने का पहला दिन था। लेकिन, किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पर्चा नहीं भरा। 29 जुलाई, सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन निर्धारित किया गया है। 31 जुलाई को नाम वापसी का अंतिम दिन होगा। चुनाव प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि व्यापार मंडल के चुनाव 11 अगस्त को होने हैं। अभी तक किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है। उन्होंने बताया कि जिन दुकानदारों की सदस्य रसीद कटी है लेकिन उन्हें पहचान पत्र नहीं मिले हैं, वे चुनाव सचिव हरि सिंह नेगी या फिर उनसे संपर्क कर सकते हैं। अभी तक वोटर सूची के लिए हेम चंद और सुमेश चौहान ने आवेदन किया था। उन्हें वोटर सूची दे दी गई है। वोटर सूची में दर्ज दुकानदारों के नाम पर अगर किसी को कोई ऐतराज हो तो वे अपनी शिकायत लिखित में चुनाव कमेटी के पास सौंप सकते हैं। शिकायत करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। उसके बाद मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

Related posts