
बद्दी (सोलन)। हिंद मजदूर सभा ने सफाई व्यवस्था को लेकर बद्दी नगर परिषद को आड़े हाथों लिया है। सभा के अनुसार मानसून की पहली ही बारिश ने नगर परिषद के सारे दावों को धो दिया है। परिषद लाखों रुपये सफाई के नाम पर व्यय हर माह करती है बावजूद इसके कोई भी नाली साफ नहीं है। बद्दी क्षेत्र में कूड़े के ढेर और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हिंद मजदूर सभा ने चेतावनी दी है कि अगर परिषद ने अपने रवैये में बदलाव नहीं किया तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल के अनुसार नगर परिषद के अधिकारी सफाई अभियान के नाम पर मात्र अपनी फोटो खिंचवा कर कागजों में ड्यूटी पूरी कर लेते हैं। नगर परिषद 90 सफाई कर्मी प्रतिदिन सफाई कार्य में लगे होने की दावे करती है लेकिन परिषद का कोई भी वार्ड साफ नहीं है। दो दिन हुई बारिश से यह साबित हो गया है कि परिषद सफाई को लेकर कितनी प्रयासरत है? वार्ड नंबर पांच में सीवरेज का पानी लोगों को घरों में घुसा।
वहीं जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर, जिला महासचिव राजू भारद्वाज, उपाध्यक्ष गुरदास चंदेल, सुच्चा सिंह फौजी, भंगीराम, जितेंद्र ठाकुर और गुरुमुख सिंह ने कहा कि नगर परिषद की हर मीटिंग में पार्कों को सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का दावे होते हैं, लेकिन यह दावे बैठक की समाप्ति के साथ ही समाप्त हो जाते हैं। नालियां जाम होने से लोगों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं इस संबंध में नगर परिषद के ईओ सुधीर शर्मा ने बताया कि नगर परिषद ने सफाई कंपनी के ठेकेदार के नोटिस जारी किया है। लोगों की शिकायत पर समय-समय पर सफाई कार्यों की जांच की जाती है।
