
शिमला। एक मई से राजधानी में भवन निर्माण के लिए पानी कनेक्शन देने पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। यह प्रतिबंध 31 जुलाई तक रहेगा। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को पानी के नए कनेक्शन मिलते रहेंगे। नगर निगम अभियंता विजय गुप्ता ने कहा कि शहर में पानी की सप्लाई सुचारु बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
शहर में पहले से चल रहे पांच सौ से अधिक कंस्ट्रक्शन कनेक्शन भी बंद कर दिए जाएंगे। जिन लोगों ने पानी के नए कनेक्शनों के लिए आवेदन किया है, उन्हें अगस्त में ही पानी की सप्लाई हो सकेगी। वहीं, शहर में भवन निर्माण कर रहे लोगों को आगामी तीन माह तक टैंकरों से पानी खरीदना होगा या भवन निर्माण को रोकना होगा। निजी टैंकर शहर के नालों से पानी भरकर आपूर्ति देते हैं। पांच हजार लीटर पानी के टैंकर के लिए उपभोक्ताओं को दो हजार रुपये तक चुकाने होंगे।
