पहली बार किसी विधायक के घर की कुर्की

रुद्रपुर। किसी विधायक के घर की कुर्की उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहला मामला है। जबकि राज्य गठन के 13 वर्षों के भीतर कई राजनीतिक दलों के विधायकों पर विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन कुर्की किसी की भी नहीं हुई।
दो अक्टूबर 2011 में रुद्रपुर में दंगा हुआ था। इसमें चार लोगों की मौत के साथ ही करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थ। साथ ही दंगे के सात माह बाद कोर्ट के आदेश पर रुद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ। मामले की जांच शासन ने सीबीसीआईडी को सौंप दी । जांच के बाद भाजपा विधायक ठुकराल, विरमा कोली, गजेंद्र मिस्त्री, नत्थूलाल गुप्ता, पंकज कालरा, सलीम और गुड्डू वेग के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। हालांकि इसमें विधायक ठुकराल को छोड़ सभी की गिरफ्तारी हो चुकी थी। सिर्फ विधायक ही फरार चल रहे थे। विधायक की गिरफ्तारी न होने पर आखिरकार कोर्ट के आदेश पर सीबीसीआईडी ने 82 की कार्रवाई करते हुए उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया। इसके बाद पुलिस को शनिवार को विधायक के घर की कुर्की करनी पड़ी। राज्य के इतिहास में यह पहली घटना है, जब किसी विधायक के घर की कुर्की की गई हो। जबकि इससे पहले भी कई विधायकों पर भी मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन मामला कुर्की तक नहीं पहुंचा।

Related posts