
हरिद्वार। शनिवार से हो रही लगातार बारिश ने रविवार को धर्मनगरी का हाल बेहाल कर दिया। भारी बारिश के चलते हिल बाईपास मार्ग बंद कर दिया गया है। हाइवे पर जलभराव और पेड़ गिरने से जाम लगा रहा। देर रात तक हाइवे पर वन-वे ट्रैफिक चलाया। शहर में सीवर लाइन डालने के बाद बनाई गई सड़कें धंस चुकी हैं। घरों और दुकानाें में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांवड़ मेले के लिए ठीक किया गया हिल बाईपास मार्ग खोलने से पहले ही भूस्खलन से बंद हो गया। लाखों रुपये का काम मिट्टी में मिल गया है। हरकी पैड़ी से पहाड़ी पर बने लोनिवि के निरीक्षण भवन तक जगह-जगह भूस्खलन होने लग गया हैै। जगह-जगह रेतीले पत्थर गिर रहे हैं। भीमगोडा मुख्य मार्ग पर सूर्योदय होटल के बाहर खड़ी यात्रियों की कारों के पास सुबह 10.30 बजे निरीक्षण भवन से पत्थर गिरने से कारों को हटाने के लिए अफरातफरी मची। खड़खड़ी वानप्रस्थ आश्रम के पास सूखी नदी में खड़ी राजस्थान यात्रियों की एक खाली बस नदी में पानी आने से फंस गई। पहियों तक मलबा भरने से इसे निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। बारिश से शांतिकुंज क्षेत्र में हाईवे भी गड्ढों में तब्दील हो गया है। भूरे की खोल में घरों में पानी आया है। गोविंदपुरी, संदेशनगर, आवास विकास, विवेक विहार, मॉडल कालोनी, कनखल थाने के पास, कृष्णानगर आदि स्थानों पर घरों में पानी घुस गया है। कटहरा बाजार (ज्वालापुर) में दुकानदार दिनभर दुकानों से पानी निकालने में लगे रहे। नालों पर अतिक्रमण और सफाई न होने से जगह-जगह जलभराव ने लोगों को अहसास करा दिया है कि आगे बारिश से शहर का क्या हाल होने वाला है।
ऋषिकुल से अवधूत मंडल तक सड़क धंसी
डॉ. गुलाटी वाली गली के पास मुख्य सड़क बर्बाद हो गई है। चंद्राचार्य चौक से अवधूत मंडल तक सीवर लाइन डालने के बाद बनी सड़क जगह-जगह धंस गई है। इससे पीडब्ल्यूडी द्वारा की रोड कटिंग के 46 लाख रुपये के काम की पोल खुल गई है। सीवर लाइन के साथ अंदर ही अंदर बारिश का पानी नाले के रूप में बहने से सड़क भी पूरी तरह बर्बाद हो गई है।
सीवरलाइनें भी चोक
-शिवमूर्ति क्षेत्र में सीवर लाइनें चोक हो चुकी हैं। श्रवणनाथ नगर और ललतारौ से सीवर पवित्र गंगा में गिर रहा है। सब्जी मंडी और विष्णुघाट क्षेत्र में कीचड़ होने से लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है। भगत सिंह चौक में रेलवे पुलिया के नीचे हमेशा की भांति पानी भरने से लोगों को परेशानियों का सामान करना पड़ा। कनखल थाने के आसपास लोगों के घरों के आगे पानी भर गया है। संदेश नगर में नाले का गंदा पानी फैल गया है। गंदे नाले ने बढ़ाई परेशानी
-शांतिकुंज की ओर से आने वाले गंदे नाले का पानी गंगोत्री विहार से गंगा विहार और भारतमातापुरम में भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खाली प्लाटों में पानी भर गया है।
कोट
– हिल बाईपास भूस्खलन से शनिवार को भी बंद हो गया था, जिसे शाम को फिर चालू कर दिया था, लेकिन रात में हुई बारिश और भूस्खलन से फिर बंद हो गया। चंद्राचार्य चौक से शंकर आश्रम की तरफ की सड़क भी कई जगह बैठ गई है। मुख्यमार्ग जहां भी खराब हुआ है उसको ठीक कराने के लिए ठेकेदार को कह दिया गया है। बारिश बंद होने के बाद मुख्य मार्ग को ठीक कराया जाएगा।
-एसएस तोमर, अधिशासी अभियंता लोनिवि।
डीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण
हरिद्वार। रविवार शाम भाजपा नेता मनव्वर कुरैशी ने जिलाधिकारी को फोन कर ज्वालापुर मेें नालों की सफाई न होने और बारिश के चलते होने वाली परेशानी से अवगत कराया। जिसके बाद डीएम निधि पांडे ज्वालापुर पहुंची। मनव्वर कुरैशी और अन्य लोगों ने डीएम को कोतवाली रोड पर अटे नाले और जलभराव दिखाया। सिटी मजिस्ट्रेट/एमएनए जीवन सिंह नागन्याल सुबह नालों का निरीक्षण करने निकले। शिवमूर्ति के पास नाले की दीवार टूटने से निकासी बंद होने से पानी सड़क पर भर गया है। उन्होंने तुरंत लोडर लगवाकर नाले में गिरी ईंट और मलबा निकलवाया। उन्होंने बताया हरकी पैड़ी क्षेत्र में नाले ठीक चल रहे हैं। भगत सिंह चौक पानी भरने से दिक्कत आ रही थी, जिसे ठीक करा दिया है। डीएम ने शिवमूर्ति में टूटी नाले की दीवार बनाने के लिए जल संस्थान को निर्देशित कर दिया है।
सड़क पर बना गड्ढा
रेलवे रोड पर भट्ट स्वीट के सामने तांगा स्टैंड से शिवमूर्ति तक सड़क में गंदा काला पानी दिनभर रहने से आवागमन बाधित रहा। नाला बंद होने से उसका पानी भी सड़क पर भरने से स्थिति बिगड़ी।
