पहली बरसात ने बरपाया कहर

बैजनाथ (कांगड़ा)। तेज बारिश के कारण उपंमडल के बीड़ और गुनेहड गांव में भारी नुकसान हुआ है। बीड़ में विश्राम गृह के समीप पंचायत के बगीचे की दीवार पानी के तेज बहाव के कारण टूट गई। इससे सड़क के किनारे स्थित सुशील अवस्थी की दुकान को नुकसान हुआ। दुकान के अंदर रखा सामान करीब 20 मीटर नीचे तक बह गया।
वहीं, क्योरी पंचायत के प्रधान गुड्डू की दुकान की नीचे की मंजिल में लगाई गई आटा चक्की की मशीन में पानी भर जाने से मशीन व अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। पानी के बहाव के कारण उर्मिला रनौत के घर की दीवार का करीब सात मीटर हिस्सा टूट जाने से पानी घर के अंदर आ गया और घर में रखा सामान बर्बाद हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बगीचे की बाउंडरी वाल के टूटने पर बाहर निकले पानी का बहाव इतना तेज था कि बडे़ पत्थरों व ईंटों को पानी काफी दूर तक बहा कर ले गया। लोगों का कहना है कि बाउंडरी वाल में एकत्रित हुए पानी की निकासी के लिए रास्ता न होने के कारण यह हादसा पेश आया है। दूसरी तरफ गुनेहड़ गांव को जाने वाले मुख्य रास्ते पर नाले के समीप एक डंगा भी गिर गया है। इससे वाहनों की आवाजाही भी रुक गई है। नाले के समीप मनरेगा के तहत हुए कार्य को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, दयोल मार्ग पर सेहल के समीप गत्ता फैक्टरी के ऊपर पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। एलवी कूहल का पानी सड़क पर आ जाने से सड़क को नुकसान हुआ है। मार्ग के अवरुद्ध होने से मार्ग कुछ समय के लिए बंद रहा।
पंचायत प्रधान रविंद्र का कहना है कि वह आईपीएच विभाग से कई बार इस कूहल के संबंध में आग्रह कर चुके हैं। एसडीएम ओपी ठाकुर ने बताया कि बंद मार्गों को सुचारु करवा दिया गया है और राजस्व अधिकारियों को नुकसान का जायजा लेने के आदेश दिए गए हैं।

चंगर इलाकों में होगी मक्की की बिजाई
पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। सोमवार रात से शुरू हुई बारिश के बाद पालमपुर उपमंडल में जमकर मेघ बरसे। इससे लोगों ने गरमी से तो राहत ली है। साथ ही चंगर इलाके के किसानों के लिए यह बारिश अति लाभदायक आंकी गई है। किसान अब चंगर इलाकों में मक्की की बिजाई कर सकते हैं। जबकि पलम क्षेत्रों में भी यह बारिश धान की बिजाई के लिए ठीक है। मंगलवार को पालमपुर में जमकर बारिश हुई। जून माह में हुई इस बारिश से लगा कि मानसून पहुंच गया है। इलाके के किशन चंद, मिलाप चंद, किशोरी लाल, देश राज, सुरेश कुमार, मेघ राज, विजय, प्रदीप, होशियार सिंह, हरी दत्त आदि किसानों ने बताया कि मंगलवार को हुई बारिश से वह अब मक्की की बिजाई कर सकते हैं। हालांकि यह बारिश एक दो दिन और लगातार लगी रही तो पलम क्षेत्रों में कई जगहों पर धान की बिजाई में बाधा भी आ सकती है।

पानी के तेज बहाव में बहे बर्तन
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। मंगलवार को हुई तेज बारिश से गर्मी की तपिश से काफी राहत मिली है। लेकिन तेज बारिश से हटवास के एक मकान में पानी घुस जाने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान मालिक रमेश उप्पल ने बताया कि उनके मकान के समीप स्थित हटवास मैदान की बाउंडरी वाल का काम चल रहा है। इस कारण बारिश का पानी घर में घुस गया। इससे दो सिलेंडर व बर्तन पानी के प्रवाह में बह गए। कुछ दूरी पर गैस सिलेंडर को निकाल लिया गया, मगर बर्तन पानी के तेज बहाव में बह गए।

Related posts