पहली पारी में सिरमौर के 511 रन

बिलासपुर। अंतर जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत लुहणू मैदान पर सिरमौर व सोलन के बीच खेला जा रहा सेमीफाइनल रोचक रहने के आसार हैं। सिरमौर ने पहली पारी में जहां 511 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा किया है, वहीं जवाब में सोलन ने पलटवार करते हुए दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान पर 110 रन बना लिए हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर के प्रवक्ता सोनल शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह सिरमौर ने दो विकेट के नुकसान पर 274 रनों से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन 131 पर नाबाद रहे संग्राम सिंह अपने स्कोर में बगैर कोई इजाफा किए आउट हो गए। इसके बाद दूसरे छोर पर बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे लेकिन अक्षय शर्मा क्रीज पर डटे रहे। रोहित कौलिश ने 36, राहुल सिंह ने 21 व गुरविंद्र ने 16 रनों का योगदान दिया। अक्षय शर्मा शतकीय पारी खेलकर 135 रनों पर नाबाद लौटे। सिरमौर ने 136 ओवर में 511 रन बनाए। सोलन की ओर से साहिब मल्होत्रा ने चार, विशाल व ध्रुव सिंह ने दो-दो तथा करुण व हरीश ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरे सोलन के सलामी बल्लेबाजों ने भी टीम को ठोस शुरुआत दी। पहली विकेट करुण (41) के रूप में गिरी। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सोलन ने 41 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 110 रन बना लिए। प्रवीण 53 तथा सतवीर 10 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। सिरमौर की ओर से एकमात्र सफलता मोहसिन को मिली।

Related posts