पहली कक्षा का छात्र हुआ जंजीरों में कैद

पहली कक्षा का छात्र हुआ जंजीरों में कैद

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले के एक प्राइवेट स्कूल में मासूम छात्र को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। स्कूल में पढ़ाई न करने पर पहली कक्षा के छात्र को स्कूल में जंजीरों से बांध कर रखा गया।

जानकारी के मुताबिक रमेश कुमार नाम का छात्र अपने घर से दूर जहानाबाद के क्लाइमैक्स पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। दरअसल रमेश बोर्डिंग स्कूल में पढ़ना नहीं चाहता है जिसके के कारण उसका मन पढ़ाई में भी नहीं लगता। बोर्डिंग स्कूल के माहौल से निकलने के लिए रामेश एक दिन स्कूल से भाग भी चुका है। स्कूल से भाग जाने के बाद भी रामेश के पिता ने फिर से उसे इसी स्कूल में लाकर दाखिल करवा दिया। स्कूल संचालक सगुन प्रसाद ने रामेश की इस हरकत के बाद उसे सात दिनों तक जंजीरों में जकड़ दिया ताकि वह स्कूल से भाग न सके।

स्कूल के किसी छात्र ने जब रामेश की हालत देखी तो उसने जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही जहानाबाद जिला मजिस्ट्रेट मोहम्मद सौहेल ने प्रभारी एसडीओ रविंद्र कुमार को इस बात की जांच करने को कहा, लेकिन तब तक स्कूल संचालक को इसकी जानकारी मिल चुकी थी। स्कूल संचालक ने रामेश की जंजीर खोल दी और खुद मौके से फरार हो गया।

जांच अधिकारी ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो उन्हें कोई भी नहीं मिला। गर्मियों की छुट्टियां होने की वजह से सब बच्चे घर जा चुके थे। जिला मजिस्ट्रेट को अपनी जांच की रिपोर्ट सौंप दी है। आगे की कार्रवाई के लिए इस मामले को एसपी के हवाले कर दी है।

स्कूल सूत्रों के मुताबिक रमेश ठीक से पढ़ाई नहीं करता था और उसे अक्सर सजा दी जाती थी। इसके बावजूद जब उसके रवैये में सुधार नहीं हुआ तो स्कूल प्रबांधन ने उससे प्रताड़ित किया।

Related posts