पवन हत्याकांड में और भी शामिल!

जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली के अंतर्गत बनोली गांव के लोगों व मृतक पवन कुमार के परिजनों ने पवन की हत्या की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। सोमवार को बनोली गांव के दर्जनों लोगों में मृतक के पिता हुकमी राम व अन्य रिश्तेदार एसडीएम जवाली से मिले तथा पवन मर्डर केस में अब तक पुलिस द्वारा की गई जांच पर असंतोष जताया।
उन्होंने शंका जताई कि इस मर्डर केस में उसकी पत्नी के अलावा और भी कुछ लोग शामिल हो सकते हैं। लेकिन पुलिस ने उसकी पत्नी को गुनाहगार बताकर केस की फाइल बंद कर दी है। हालांकि, पवन के परिजनों ने पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी बताए थे जिन पर उन्हें शक है। बावजूद इसके पुलिस ने उनसे आज तक कोई पूछताछ नहीं की है। उनका कहना था कि जिन हालात में पवन कुमार का शव एक स्कूल में मिला था, उससे कई सवाल पैदा हो रहे हैं। जैसे कि वह स्कूल में कैसे पहुंचा तथा उसकी पत्नी स्कूल में क्या कर रही थी? जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पवन की मौत दम घुटने से बताई जा रही है। लेकिन मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, इन सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच होनी चाहिए।
एसडीएम जवाली डा. सुरेश जसवाल ने बताया कि बनोली गांव के कुछ लोग पवन हत्याकांड के सिलसिले में उनसे मिले हैं। उनका ज्ञापन गहन जांच के लिए डीएसपी नूरपुर को भेज दिया गया है। उधर, डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। परिजनों को जिन पर भी शक होगा, उनसे भी भविष्य में पूछताछ होगी।

घटनाक्रम
24 जून को पवन कुमार का शव बनोली स्कूल के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। वहां पर कुछ टूटी चूड़ियां व माला के मनके भी बरामद हुए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी को दोषी मानकर गिरफ्तार कर लिया था, जो अभी पुलिस हिरासत में है।

Related posts