पल भर में बुझ गए चार घरों के चिराग

रोहड़ू (सुंदर औक्टा)धमवाड़ी के समीप बारिश और अंधेरे के कारण जीप मोड़ते समय हुए हादसे से पल भर में चार घरों के चिराग बुझ गए। जीप हादसे में मारे गए युवक दिन भर धमवाड़ी में साथ बैठे थे। घटना के बाद सभी के गांव में मातम का माहौल है।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब हादसा हुआ है, उस समय अंधेरा था। वहां पर बारिश भी हो रही थी। दिन के समय हादसे से पहले कई घंटे धमवाड़ी में चारों युवक साथ थे। सभी वहां से केवल गाड़ी मोड़ने के लिए ही आगे निकले थे। हालांकि गाड़ी मोड़ने के लिए घटना स्थल से पहले कई स्थान थे, लेकिन उन्हें शायद मौत वहां तक कर ले गई। मोड़ते समय जीप करीब तीन सौ फुट खाई में लुढ़की है। लोगों को घटना का कुछ देर बाद पता चला । माना जा रहा है कि हादसा जीप मोड़ते समय सड़क पूरी नजर न होने के कारण हुआ है। दो की मौके पर मौत हो चुकी थी जबकि दो ने कुछ समय बाद दम तोड़ा । शनिवार को सभी युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए । दोपहर बाद मृतकों का उनके गांव में दाह संस्कार किया गया है। रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

एक माह में चार हादसे, आठ की मौत
रोहड़ू। एक महीने के अंतराल में चार कार हादसे में आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार रात धमवाड़ी के समीप कार हादसे में चार युवक एक साथ मौत का ग्रास बने हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह एक महिला और पुरुष की कुलगांव के समीप कार हादसे में मौत हुई है। दो सप्ताह पहले अंटी के समीप कार हादसे में गिल्टाड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान का निधन हुआ। चिड़गांव तहसील में ही एक अन्य कार हादसे में एक व्यक्ति की भी इसी महीने मौत हुई है। हालांकि हादसों के कारण अलग अलग रहे हों, लेकिन हादसे चालक की लापरवाही से ही माने जा रहे हैं। किसी हादसे में तकनीकी खराबी का मामला अभी तक सामने नहीं आया है।

Related posts