
हल्द्वानी। ‘पल्सर दिलाओ नहीं, तो सबको मार डालूंगा’ की धमकी देकर एक युवक ने अपने मां-बाप का जीना मुश्किल कर दिया है। मांग पूरी करने के लिए वह मां पर संपत्ति बेचने का दबाव बनाता है। शराब पीने के चक्कर में युवक कई चीजें बेच चुका है। धमकियों से परेशान होकर मां बुधवार को बेटे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एसएसपी से मिलने उनके आफिस पहुंची। इस बीच युवक बेटा भी वहां पहुंच गया। वहां उसने हंगामा किया तो पुलिस कर्मियों ने थप्पड़ मारकर उसे सबक सिखाया। बाद में पुलिस कर्मी युवक को भोटिया पड़ाव चौकी ले गए। अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंची आवास विकास कालोनी निवासी महिला ने बताया कि उसके पति एक साल से बीमार हैं। उनके इलाज में लाखों रुपया खर्च हो चुका है। कमाने वाले उसके पति के सिवा और कोई नहीं है। उसका बेटा आवारा है। कोई काम नहीं करता और शराब के नशे में डूबा रहता है। शराब के लिए पैसे न देने पर वह मारपीट करता है। पिछले कुछ दिनों से उसका बेटा पल्सर बाइक दिलाने के लिए दबाव बना रहा है। पल्सर दिलाने से मना करने पर सबको मार डालने की धमकी देता है। बाइक को लेकर कई बार घर में मारपीट कर हंगामा कर चुका है। महिला ने बताया कि पति का इलाज कराने के लिए उसने अपने जेवर तक गिरवी रख दिए हैं, लेकिन उसका बेटा उन्हीं रुपयों से पल्सर खरीदने को धमका रहा है। वह और उसके पति बेटे की धमकियों से परेशान हो चुके हैं। महिला इतनी परेशान थी कि उसने पुलिस कर्मियों से बेटे को सलाखों के पीछे भिजवाने तक की भी मांग कर दी।
