
श्रीनगर/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर ठोस कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। पलायन रोकने के लिए उत्तराखंड को विशेष पैकेज दिया जाना चाहिए।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के अतिथिगृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनिल बलूनी ने यह बातें कही। सांसदों पर सांसद निधि खर्च न कर पाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यहां के सांसद 19 करोड़ की सांसद निधि में से मात्र 4 करोड़ ही खर्च कर पाए हैं। साथ ही सीएम विजय बहुगुणा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आपदा के 38 दिनों बाद मुख्यमंत्री का घटनास्थल पर पहुंचना सरकार की संवेदनहीनता को प्रकट करता है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजयुमोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, गढ़वाल संयोजक विकास कुकरेती, मंडल अध्यक्ष अक्षय पांडे, आदि मौजूद रहे। वहीं रुद्रप्रयाग में भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अनिल बलूनी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन कार्यों में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई, जिस कारण अभी तक जिले में आपदाग्रस्त क्षेत्राें में मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए क्षेत्र को पिछड़ा क्षेत्र घोषित किया जाए। उन्हाेंने कहा कि गढ़वाल सांसद ने सिर मुंडवाकर केवल नाटक किया, जबकि आपदा प्रभाविताें की मदद के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
