पर्यावरण संरक्षण के लिए साझा प्रयासों की जरूरत : दुर्गापाल

बागेश्वर। जिले के प्रभारी और श्रम सेवायोजन खादी ग्रामोद्योग मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने जजी परिसर में वन महोत्सव का समापन किया। बाद में जीआईसी मेें वन्य जीव निधि की राशि वितरित की। यहां समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। सांसद प्रदीप टम्टा ने भी वन विभाग के कार्यों की सराहना की।
वन विभाग के तत्वावधान में जारी वन महोत्सव का समापन प्रभारी मंत्री श्री दुर्गापाल, सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक चंदनराम दास और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने किया। उन्होंने पौधे रोपकर समापन की औपचारिकता पूरी की। बाद में जीआईसी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक पहल की आवश्यकता है। सांसद प्रदीप टम्टा ने भी वन विभाग के इस कार्य की सराहना की। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने वनों की सुरक्षा के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। प्रभागीय वनाधिकारी डीएस मीणा ने बताया कि इस बरसात में वन विभाग ने विभिन्न स्थानों पर एक लाख पौंधे रोप दिए हैं। ब्लाक प्रमुख राजेंद्र टंगड़िया, पालिकाध्यक्ष गीता रावल आदि ने भी विचार रखे। समारोह में पूर्व मंत्री रामप्रसाद टम्टा, पूर्व विधायक उमेद सिंह माजिला, पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, एडीएम बीएस फिरमाल, एसडीएम फींचाराम, जिला युवक समिति के अध्यक्ष नरेंद्र खेतवाल,चंपा देवी, इंद्र सिंह, बबली ऐंठानी, भगत रावल, किसन सिंह मलड़ा आदि उपस्थित थे। संचालन दीप जोशी ने किया।

Related posts